उन्नाव। नव अंशिका फाउण्डेशन के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर सीजन-2 “गोल्डन गाला अवार्ड 2025” का आयोजन कल 11 सितम्बर को लखनऊ के विराज खंड स्थित होटल क्लासियों कलेक्शन में किया जा रहा है। इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए संस्था द्वारा “गोल्डन गाला अवार्ड” एवं “नव अंशिका प्राइड अवार्ड” दिया जायेगा। “सपना बाबुल का…बिदाई” में मुख्य किरदार निभाने वाली अभिनेत्री पारुल सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में रहेंगी। संस्था की फाउंडर और आयोजक नीशू त्यागी ने बताया कि “गोल्डन गाला अवार्ड 2025” समारोह में उन्नाव के पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र अपूर्व , शिक्षिका डा.रचना सिंह और शिक्षक डा. प्रदीप कुमार वर्मा को प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
ट्री मैन के नाम से प्रसिद्ध सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र को पिछले 25 वर्षों से गरीब बच्चों की शिक्षा, पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदानों और समाज में अनवरत नवीन दिशा दिखाने के प्रयासों और सफल परिणाम देने हेतु गोल्डन गाला सम्मान से नवाजा जाएगा।
कोरोना के कठिन दौर में भी समाज सेवा के क्षेत्र में उन्मुख राज्य पुरुस्कार प्राप्त शिक्षिका डॉ रचना सिंह कटरी पीपरखेड़ा, कंपोजिट विद्यालय में कार्यरत हैं। समुदाय से बेहतर संबंध स्थापित करने वाली शिक्षिका ने “दैनिक अभिभावक सहभागिता” नवाचार कर विद्यालय की छात्र संख्या बढ़ाने के साथ शिक्षा क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं और विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण के सराहनीय कार्य किये हैं, इन सरोकार के लिए उन्हें नव अंशिका अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।
शिक्षा के साथ साथ समाज में फैली हुई नशे जैसी गंभीर बीमारी के खात्मे के लिए व्यापक स्तर पर उत्तर प्रदेश नशामुक्ति आंदोलन चला रहे शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा को यह सम्मान शिक्षा, बालश्रम रोकने और पर्यावरण के क्षेत्र में कठिन प्रयासों के साथ ही बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रयासों के लिए गोल्डन गाला सम्मान दिया जाएगा।




