पुरवा,उन्नाव।हिलौली विकास खण्ड की ग्राम पंचायत संदना के मजरे रामपुर में तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे से समस्या उत्पन्न हो गई है। बारिश के कारण गांव के दोनों मार्गों में पानी भर गया है।
बताते चलें कि बीते 6 अगस्त को समाचार प्रकाशित होने पर राजस्व टीम और प्रधान प्रतिनिधि शिवबोधन लोधी ने मौका मुआयना किया था। जहां तालाब की गाटा संख्या 975 में दर्ज 12 बिसवां भूमि से अवैध कब्जा हटाने का आश्वासन दिया। और पंपिंग सेट से पानी निकाला गया। वहीं ग्रामीण राजेश कुमार यादव ने तालाब की खुदाई के लिए प्रधान प्रतिनिधि से संपर्क किया। तो प्रधान प्रतिनिधि ने तालाब के सूखने के बाद खुदाई का आश्वासन देकर फोन काट दिया। बारिश से गांव की स्थिति पुनः बिगड़ गई है। और स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। लेखपाल, पंचायत सचिव, ब्लॉक प्रमुख और विधायक को समस्या की जानकारी है। फिर भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। ऐसे में तालाब पर कब्जा करने वाले निश्चिंत हैं। जबकि गांव के लोग और राहगीर परेशान हैं। बारिश होते ही ग्रामीणों की चिंता बढ़ जाती है। अधिकारी केवल तालाब की मिट्टी के सूखने का इंतजार कर रहे हैं। प्रधान प्रतिनिधि शिवबोधन लोधी के अनुसार जेसीबी न मिलने से तालाब की खुदाई नहीं हो पाई है। उन्होंने जल्द ही तालाब का पानी निकलवा कर अवैध कब्जा हटाने और खुदाई करवाने का आश्वासन दिया है।




