बांगरमऊ उन्नाव ।चकबंदी विभाग द्वारा क्षेत्र के ग्राम रूरी सादिकपुर में पुराने खेतिहर पट्टों के निरस्त कर देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मानव उत्थान सेवा समिति ने एसडीएम के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पट्टे बरकरार रखने का निर्देश देने की मांग उठाई है।
मानव उत्थान सेवा समिति ने आज सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन एसडीएम नवीन चंद्र को सौपा। ज्ञापन में कहा गया है कि तहसील क्षेत्र के ग्राम रूरी सादिकपुर में वर्ष 1954 के बाद गरीब भूमिहीन खेतिहर मजदूरों को जमीन के पट्टे किए गए थे। तभी से गरीब परिवार इन पट्टे की जमीनों पर मकान बनाकर और खेती कर किसी तरह अपने पारिवारिक सदस्यों का भरण-पोषण करते चले आ रहे हैं।
मौजूदा समय में इस राजस्व गांव में चकबंदी का कार्य जारी है। ज्ञापन के जरिए जानकारी दी गई है कि चकबंदी कर्ताओं द्वारा वैधानिक रूप से गरीब परिवारों को किए गए सभी पट्टे निरस्त कर देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ऐसी स्थिति में गरीब खेतिहर मजदूर परिवार रोजी-रोटी से वंचित हो जाएंगे। समिति की अध्यक्ष सुनीता कुशवाहा सहित धर्मराज कुशवाहा, राकेश सिंह, रामविलास सैनी व सुधा देवी आदि सदस्यों ने मुख्यमंत्री से गरीब परिवारों के खेतिहर पट्टों को निरस्त होने से बचाने की गुहार लगाई है।




