उन्नाव।उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ की मासिक बैठक आज सोना पैलेस में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्री कृष्ण शंकर मिश्रा ने की। बैठक में शिक्षकों से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ और संगठन ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की।
चयन वेतनमान में अनियमितता से 800 शिक्षक प्रभावित
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा चयन वेतनमान प्रकरण रहा, जिसमें इनिशियल कैडर की त्रुटियों के कारण गणित, विज्ञान व अन्य विषयों के लगभग 800 शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने बताया कि कई विकास खंडों में अब तक L1 और L2 फॉर्म जनरेट नहीं किए गए हैं, जिससे शिक्षकों को नियमानुसार लाभ नहीं मिल पा रहा है। संघ ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
NPS राशि न आने की शिकायतें बनी चिंता का कारण
बैठक में यह भी सामने आया कि NPS (नयी पेंशन योजना) की राशि कई शिक्षकों के खातों में समय पर जमा नहीं हो रही है। यह स्थिति वित्तीय अनुशासन पर प्रश्नचिह्न लगाती है। संगठन ने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालयों में बेंच का अभाव, बच्चे ज़मीन पर बैठने को मजबूर
कतिपय विकास खंडों में विद्यालयों को अब तक अध्ययन हेतु बेंच नहीं मिल पाई हैं, जिससे विद्यार्थियों को ज़मीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। संघ ने इस अव्यवस्था पर चिंता जताते हुए शिक्षा विभाग से शीघ्र सभी विद्यालयों में आवश्यक बेंच उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्राथमिक कक्षाओं की किताबें अब तक नहीं पहुंचीं
संघ ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 3 तक की किताबें अब तक नहीं पहुंची हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि पुस्तक वितरण कार्य को तत्काल प्राथमिकता दी जाए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने प्रतिकर अवकाश व अध्ययन-अध्यापन अवकाश पर चिंता जताई
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री संजय कन्नौजिया ने शिक्षकों को मिलने वाले प्रतिकर अवकाश व अध्ययन-अध्यापन हेतु मिलने वाले विशेष अवकाश को समाप्त किए जाने के प्रयासों पर नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने शीघ्र बेसिक शिक्षा सचिव से मिलकर इस मुद्दे पर उच्च स्तरीय वार्ता करने की घोषणा की।बैठक में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कनौजिया,प्रांतीय संयुक्त मंत्री अक्षय कटियार,जिला अध्यक्ष कृष्ण शंकर मिश्रा, महामंत्री अवनीश पाल, कोषाध्यक्ष दीपक पटेल, जिला उपाध्यक्ष दिलीप अवस्थी, मीडिया प्रभारी विनीत कुमार बाजपेयी, विवेक द्विवेदी, पुरवा ब्लॉक अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार, अध्यक्ष मियागंज शिव कुमार तिवारी,मंत्री नवाबगंज अमित शर्मा,मंत्री सुमेरपुर नमो नारायण श्रीवास्तव,मंत्री पुरवा पवन पांडेय, अविनाश पाल, शैलेन्द्र पटेल, वैष्णव कनौजिया, देवेंद्र यादव,व अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। शिक्षक हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।




