उन्नाव।बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ मार्ग पर ग्राम आसत मोहीउद्दीन पुर के सामने तेज रफ्तार अनियंत्रित क्रेन ने ठेलिया में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ठेलिया चालक की मौके पर ही मौत हो गई और ठेलिया पर रखा क्राकरी का सामान सड़क पर बिखरकर चकनाचूर हो गया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
नगर के मोहल्ला तकिया निवासी असगर अली( 4 3 ) पुत्र स्वर्गीय अकबर अली अपने छोटे भाई नाजिम के साथ लकड़ी की चार पहिया ठेलिया पर गांवों में फेरी लगाकर क्राकरी के सामान की बिक्री करता था। आज शनिवार को वह ठेलिया लेकर फेरी लगाने निकला था। सुबह करीब आठ बजे लखनऊ मार्ग पर ग्राम आसत मोहीउद्दीन पुर मोड़ के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित क्रेन ने पीछे से ठेलिया में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ठेलिया चालक असगर अली उछलकर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि ठेलिया टूट गई और उसपर रखा क्राकरी का सामान सड़क पर बिखरकर चकनाचूर हो गया। यह देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने क्रेन चालक को पकड़ लिया। मृतक के भाई नाजिम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर जा पहुंची और क्रेन तथा उसके चालक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक की पत्नी अजमतुन ने क्रेन चालक के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिजन मौके पर जा पहुंचे। मृतक के कोई औलाद नहीं है। उसका एक छोटा भाई और दो विवाहित बहनें हैं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि क्रेन को सीज कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। विधिक कार्यवाही कर शव पोस्टमार्टम हेतु भेजा दिया गया है।




