उन्नाव।थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बांगरमऊ कोतवाली प्रांगण में आज शनिवार को आम जनता की शिकायतें सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फरियादियों की शिकायतें जल्द निस्तारित करने के कड़े निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कस्बे के मोहल्ला किला शाहजी निवासी सलीम ने एसपी श्री भूकर को बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। करीब चार माह पूर्व हरदोई के थाना बिलग्राम क्षेत्र निवासी ने उसके बेटे साहिल को विदेश भेजने का झांसा देकर एक लाख 25 हजार रुपए ठग लिए। उसने युवक के खाते में आनलाइन पैसे भेजे थे। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक से रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही का निर्देश दिया। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र के ही ग्राम फरीदपुर कट्टर के मजरा पूराहास निवासी भोपाल ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी जमीन पर दबंग ने जबरन कब्जा कर लिया है। दोनों अधिकारियों ने सभी फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और हर शिकायतकर्ता को न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस का उद्देश्य जनता की सेवा करना है।कार्यक्रम में एसडीएम नम्रता सिंह, नायब तहसीलदार दीपक गौतम व कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह सहित सभी राजस्व कर्मी और संबंधित विभागों के अधिकारी तथा फरियादी मौजूद रहे।




