उन्नाव।लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लखनऊ बाइपास पुल पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतक गोविंद (35) और सुरेंद्र (40) उन्नाव के थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के रहने वाले थे। दोनों भाई होशियार नगर में एक रिश्तेदार के घर गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होकर प्लेटिना मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। बाइपास पुल के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर गए। सूचना मिलते ही थाना दही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। थाना दही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा।




