उन्नाव।चाचा नेहरू ने उच्च शिक्षा के लिए जो प्रयास किए वो अतुलनीय है। उनके प्रयासों से खुले मेडिकल कॉलेजो में पढ़े बच्चे बड़े बड़े डॉक्टर बनते है।
यह विचार कांग्रेस जिला महासचिव ओम कान्त पाण्डेय ने बाल दिवस पर श्री जय कृष्ण अवध कुमारी निशुल्क विद्या मंदिर में बच्चों को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। इसके पूर्व श्री पाण्डेय ने स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं बच्चों के प्रिय पंडित जवाहर लाल नेहरू जी के तस्वीर पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि नेहरू जी को बच्चों के अधिकार और शिक्षा के बारे में जागरूकता बढ़ाने के अपने अथक प्रयास के लिए जाना जाता है। उन्होंने आगे बताया कि यह दिन हमें युवा पीढ़ी के पालन पोषण और शिक्षित करने की महत्व को याद दिलाता है क्योंकि आज के युवा ही हमारे राष्ट्र के भविष्य हैं। समाजसेवी अशोक अवस्थी ने कहा कि बाल दिवस देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू से जुड़ा हुआ है। नेहरू जी को बच्चों से खासा लगाव था, बच्चे भी उनसे खूब लाड लड़ाते थे और प्यार से उन्हें चाचा नेहरू कहते थे। इसी प्रेम और बच्चों के प्रति समर्पण के कारण उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाने को निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में ओम कान्त पाण्डेय, अशोक अवस्थी के अतिरिक्त एचडीएफसी बैंक की हिमांशी यादव व कमलावती हॉस्पिटल की टेकनीशियन शिवानी यादव ने भी बच्चों में उपहार वितरित किए। विद्यालय प्रबंधक उदय कान्त बाजपेई ने सभी का आभार जताया।