शिवली,कानपुर देहात। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार देर रात कच्चा मकान गिरने से मलबे में दबकर वृद्ध मां और उसकी अविवाहित बेटी की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, शिवली थाना क्षेत्र के तहसील मैथा अंतर्गत ग्राम सभा भेवान के मजरा नवलनिवादा गांव में शनिवार, 26 सितंबर की रात करीब 12 बजे अचानक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटवाकर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को सीएचसी शिवली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान शांतिदेवी (75), पत्नी स्वर्गीय रामेश्वर पाल, और उनकी बेटी नीलू (30) के रूप में हुई।
ग्रामीणों के मुताबिक, शांतिदेवी के पांच पुत्रियां और दो पुत्र थे। उनकी पुत्रियों में चमेली, सावित्री, नन्खी और संगीता की शादी हो चुकी है। उनके दो पुत्र शिव कुमार (40) और राजेश कुमार (50) हैं। राजेश ट्रक चालक है।
बताया गया कि पति रामेश्वर पाल की मृत्यु के बाद नीलू अविवाहित थी और तहसील मैथा में वकालत कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। शांतिदेवी अपनी बेटी नीलू के साथ ही रहती थीं।
ग्रामीणों ने बताया कि नीलू ने पक्के आवास के लिए आवेदन भी किया था, लेकिन अभी तक उसे आवास उपलब्ध नहीं हो सका था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवास मिल गया होता तो शायद यह हादसा टल सकता था। अब आवास की समस्या का समाधान नीलू की मौत के बाद होने की बात गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।




