शहर के विकास में अड़ंगा लगा रहे भाजपा के मंत्री : चन्द्र प्रकाश,सदन में उठाई गई मांगों को पूरा करने में कर रहे आनाकानी

0
100

फतेहपुर, । समाजवादी पार्टी के सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी की विधानसभा सत्र के दौरान सदन में शहर की विभिन्न समस्याओं के बाबत उठाई गई मांगों पर संबंधित मंत्रियों के जवाब मिलने पर विधायक का कहना रहा कि शहर के विकास में भाजपा के मंत्री अड़ंगा लगाने का काम कर रहे हैं। सदन में उठाई गई मांगों को पूरा किए जाने में आनाकानी की जा रही है। सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी ने सदन में उठाई गई मांगों के बाबत बताया कि शहर के पक्का तालाब का सौन्दर्यीकरण कराए जाने की उन्होने मांग उठाई थी। जिस पर नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्त्रोत विभाग के मंत्री एके शर्मा के आए जवाब में बताया गया कि पक्का तालाब का सौन्दर्यीकरण कराए जाने के संबंध में 1.81 करोड़ का प्रस्ताव उपलब्ध कराया गया है। उक्त तालाब के सौन्दर्यीकरण के प्रस्ताव की स्वीकृति वित्तीय संसाधनों की

सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी।

उपलब्धता पर निर्भर है। इस जवाब से ऐसा प्रतीत होता है कि शायद सरकार के पास वित्तीय संसाधनों की कमी है या फिर मंत्री जी विकास को लेकर गंभीर नहीं है। इसी तरह फतेहपुर डिपो में लखनऊ राजमार्ग पर प्रत्येक घंटे वातानुकूलित (जनरथ) सेवा का संचालन कराए जाने की मांग की गई थी। जिस पर परिवहन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अपने पत्र के जरिए जवाब दिया है कि वर्तमान समय में अवध डिपो की एक वातानुकूलित जनरथ सेवा का संचालन आलमबाग-फतेहपुर-बांद मार्ग पर कराया जा रहा है जो आलमबाग से प्रातः साढ़े सात बजे प्रस्थान कर 11.20 पर फतेहपुर पहुंचती है। फतेहपुर से 11.30 बजे प्रस्थान कर 14 बजे बांदा पहुंचती है। उक्त सेवा का विगत सात माह का संचालन प्रतिफल 46 प्रतिशत हुआ है जबकि डिपो का लोडफैक्टर 56 प्रतिशत एवं साधारण सेवाओं के लिए विगत सात माह का लोड फैक्टर 66 प्रतिशत है। इस प्रकार वातानुकूलित सेवा का लोडफैक्टर डिपो लोडफैक्टर से दस प्रतिशत एवं साधारण सेवा से बीस प्रतिशत कम प्राप्त हो रहा है। पत्र में बताया गया कि लखनऊ-फतेहपुर मार्ग पर प्रातः पांच बजे से रात्रि 21.40 बजे तक प्रत्येक 20 मिनट के अंतराल पर साधारण सेवाओं का संचालन कराया जा रहा है। लखनऊ-फतेहपुर-बांदा मार्ग पर 46 प्रतिशत लोडफैक्टर पर संचालित वातानुकूलित सेवा से परिवहन निगम को आर्थिक क्षति हो रही है। इसलिए वर्तमान में प्रत्येक घंटे वातानुकूलित सेवा का संचालन कराया जाना निगम हित में नहीं है। इस पर सदर विधायक का कहना रहा कि इस मार्ग पर प्रत्येक घंटे वातानुकूलित बस सेवा का संचालन होगा तो यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी होगी और लोडफैक्टर भी बढ़ेगा, लेकिन मंत्री जी ने इस पर विचार करना मुनासिब नहीं समझा और मांग को खारिज कर दिया गया।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here