दौसा, राजस्थान। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शनिवार को दौसा पहुंचकर नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जिला कलक्ट्रेट स्थित दौसा रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया का मौके पर अवलोकन किया और निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा, जिला पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों की ओर से किए जा रहे कार्यों और उनकी प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था, पुलिस प्रबंध, मतदान दलों की व्यवस्था, मतदान केंद्रों, मतदान एवं मतगणना स्थलों सहित चुनाव से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि दौसा जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां संतोषजनक हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मतदान से लेकर मतगणना एवं चुनाव परिणाम घोषित होने तक सभी व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से नियंत्रण में रहेंगी और चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, दौसा उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी संजू मीणा सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




