कानपुर नगर में ‘मेरा युवा भारत’ स्वयंसेवक पद के लिए साक्षात्कार 17 जून को

0
57

कानपुर। मेरा युवा भारत (MY Bharat) स्वयंसेवक पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 17 जून 2026 (बुधवार) को आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला युवा अधिकारी संजीव सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार प्रातः 10:30 बजे से जाजमऊ स्थित मेरा युवा भारत कार्यालय, डिफेंस कॉलोनी, डी-471 में आयोजित होगा। इसके लिए विकासखंडवार समय-सारिणी निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र के साथ हाईस्कूल प्रमाणपत्र, जन्मतिथि प्रमाणपत्र, शैक्षिक योग्यता संबंधी प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो साथ लाने होंगे। इसके अतिरिक्त सभी मूल अभिलेखों के साथ उनकी एक-एक स्व-सत्यापित छायाप्रति भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
जिला युवा अधिकारी ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पूर्व साक्षात्कार स्थल पर पहुंचने की अपील की है, ताकि दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
संजीव सिंह ने बताया कि मेरा युवा भारत स्वयंसेवक कार्यक्रम युवाओं को समाज सेवा, सामुदायिक विकास तथा राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई रोजगार या नौकरी नहीं है, बल्कि युवाओं को स्वयंसेवा के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और सकारात्मक योगदान देने का अवसर प्रदान करता है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here