कानपुर। पनकी की रतनपुर कॉलोनी में बहन की किताब लाने निकले 16 वर्षीय छात्र का शव सोमवार सुबह नहर में मिलने से हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख कल्याणपुर विधायक समेत कई थानों की फोर्स और पीएसी मौके पर पहुंची। रतनपुर कॉलोनी निवासी संजीव कुमार शुक्ला का बेटा अनुभव शुक्ला उर्फ सानू, हाईस्कूल का छात्र था। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह करीब 10:30 बजे वह साइकिल से बहन की किताब लेने सहेली के घर गया था। काफी देर तक वापस न आने पर तलाश शुरू की गई। रविवार शाम करीब 4 बजे रतनपुर नहर स्थित छठ पूजा स्थल के पास सानू के कपड़े, चप्पल और साइकिल मिलने से अनहोनी की आशंका बढ़ गई। सूचना पर पनकी पुलिस ने फ्लड कंट्रोल टीम और गोताखोरों के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। सोमवार सुबह छठ पूजास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नहर में राहगीरों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शव मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार मौके पर पहुंचीं और आला अधिकारियों से बात की। पनकी, कल्याणपुर व अर्मापुर थाने की फोर्स और पीएसी ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया, जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पनकी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार बिष्ट ने बताया, परिजनों की सूचना पर रविवार से ही शव की तलाश की जा रही थी। सोमवार सुबह पनकी नहर में शव मिला है। परिजनों के आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असल वजह साफ होगी।




