कानपुर। शहर के विकास नगर इलाके में पालतू कुत्ते के हमले का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जर्मन शेफर्ड कुत्ता “रॉबर्ट” ने एक बुजुर्ग महिला को बुरी तरह नोच डाला। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इसी कुत्ते ने पिछले साल महिला की 91 वर्षीय सास मोहिनी त्रिवेदी को भी नोच-नोचकर मार डाला था।
जानकारी के मुताबिक, बीमा चौराहे के पास रहने वाले धीर प्रशांत त्रिवेदी, जो बेंगलुरु में मैकेनिकल इंजीनियर हैं, 1 मई को घर आए थे। अगले ही दिन 2 मई की रात करीब 10:30 बजे, जब वह घर से बाहर थे, तभी उनके पालतू कुत्ते ने उनकी 70 वर्षीय मां किरन त्रिवेदी पर हमला कर दिया।
कुत्ते ने महिला के दोनों हाथों, कमर और पैरों पर कई जगह काट लिया। महिला ने किसी तरह अपने बेटे को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद उन्हें रावतपुर क्रॉसिंग स्थित रतनदीप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों का बयान
इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, कुत्ता लगातार महिला के गले पर हमला कर रहा था। महिला ने हाथों से बचाव किया, जिससे उनके हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन उम्र अधिक होने के कारण रिकवरी में समय लगेगा।
अस्पताल में झूठ का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि बेटे ने अस्पताल में डॉक्टरों को गुमराह करते हुए बताया कि महिला पर हमला स्ट्रीट डॉग्स ने किया है। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि हमला घर के पालतू कुत्ते ने ही किया।
नगर निगम टीम को नहीं मिला प्रवेश
मामले की सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह नगर निगम की टीम कुत्ते को कब्जे में लेने पहुंची, लेकिन घर का दरवाजा नहीं खोला गया। टीम करीब एक घंटे तक इंतजार करती रही और फिर लौट गई।
मोहल्ले में दहशत
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि पहले दादी की मौत और अब मां पर हमले के बाद भी कुत्ते को न सौंपना गंभीर लापरवाही है।
मोहल्ले के निवासी मनु सक्सेना ने बताया कि “स्ट्रीट डॉग की बात पूरी तरह झूठी है। घर के अंदर बाहरी कुत्ता कैसे जा सकता है?”
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने पुलिस और जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, वहीं कुत्ते और उसके मालिक को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
Home CHIEF CORRESPONDENT VAIBHAV GUPTA जर्मन शेफर्ड “रॉबर्ट” ने फिर किया हमला, नगर निगम टीम लौटी खाली...


