कानपुर। शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था के खिलाफ आर्य नगर से समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई शुक्रवार को एक बार फिर सड़कों पर उतर आए। उन्होंने खुद झाड़ू लगाई, कूड़ा उठाकर उसे गाड़ी में डाला और नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।
‘अधिकारी जी सो रहे हैं’ अभियान के तहत किए गए इस प्रदर्शन में विधायक ने साफ तौर पर संदेश देने की कोशिश की कि शिकायतों के बावजूद अधिकारी जमीनी हालात पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि “जनता गंदगी से त्रस्त है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी नींद में हैं।”
निरीक्षण के दौरान पटकापुर, तलाक महल, दलेलपुरवा और हरबंस मोहाल सहित कई इलाकों में कूड़े के ढेर नजर आए। कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की हालत भी जर्जर पाई गई, जिससे सफाई व्यवस्था की पोल खुलती दिखाई दी।
विधायक ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की लापरवाही और अधिकारियों की अनदेखी के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी विधायक ने नानाराव पार्क के बंद पड़े स्विमिंग पूल में ‘ड्राई स्विमिंग’ कर विरोध जताया था, जिसके बाद नगर निगम को कार्रवाई करनी पड़ी थी। अब एक बार फिर उनके इस कदम से सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Home CHIEF CORRESPONDENT VAIBHAV GUPTA सफाई व्यवस्था पर फिर सड़क पर उतरे विधायक, खुद कूड़ा उठाकर जताया...


