फतेहपुर। अग्निशमन विभाग द्वारा मनाए जा रहे फायर सर्विस सप्ताह के समापन अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल सभागार प्रेक्षागृह में जागरूकता कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक फतेहपुर श्री अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए निबंध, भाषण सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एबी इंटरनेशनल स्कूल, आरवीएस इंटरनेशनल स्कूल, ब्रिलियंट ओरिएंटल स्कूल, सेंट मैरी स्कूल और सेंट जेवियर्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समारोह के उपरांत फायर सर्विस टीम द्वारा लाइव डेमोन्स्ट्रेशन किया गया, जिसमें आग लगने की स्थिति बनाकर फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। छात्रों को स्वयं फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का मौका दिया गया, जिससे वे आपात स्थिति में प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया देना सीख सकें।
डेमो के दौरान गैस सिलेंडर में लगी आग को नियंत्रित करने का प्रदर्शन भी किया गया, साथ ही धुएं के बीच सुरक्षित तरीके से आग बुझाने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। फायर कर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और जरूरी सावधानियों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बच्चों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और सीखी गई बातों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
फायर सर्विस सप्ताह के दौरान जनपद के करीब 10,000 छात्र-छात्राओं और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के लगभग 3,000 कर्मचारियों को फायर फाइटिंग एवं फायर प्रिवेंशन के संबंध में जागरूक किया गया, जो इस अभियान की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
Home प्रमुख संवाददाता अजहर उद्दीन फायर सर्विस सप्ताह का समापन, छात्रों को किया गया सम्मानित, लाइव डेमो...




