एक हजार करोड़ रुपये की लागत से 400 ‘सीएम-राइज’ विद्यालय होंगे स्थापित–श्री पटेल

0
24

जोधपुर,राजस्थान।जिले के विधानसभा क्षेत्र लूणी के धवा, लूणी और केरू ब्लॉक की राजकीय एवं गैर राजकीय संस्था प्रधान सत्रारंभ वाक्पीठ— 2026 का उद्घाटन समारोह शुक्रवार को ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर बोरानाडा में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
विद्यालय आधारभूत संरचना कोष—
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार शैक्षणिक उन्नयन के लिए कटिबद्ध होकर कार्य कर रही हैं। बजट घोषणा के अनुरूप विद्यालयों के अवसंरचना विकास के लिए 2 हजार करोड़ रुपये की राशि से विद्यालय आधारभूत संरचना कोष की स्थापना की जाएगी।
श्री पटेल ने कहा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप में व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 51 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 500 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू की जायेगी। उन्होंने कहा ‘स्कूल टू वर्क’ व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में एक विद्यालय को उन्नत व्यावसायिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया जाएगा।
प्रत्येक जिले में स्थापित होगा ‘स्कूल ऑन व्हील्स’—
श्री पटेल ने कहा इस वर्ष लगभग 250 करोड़ रूपये की लागत से 40 लाख से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए डीबीटी की जायेगी। उन्होंने कहा कि घुमन्तू एवं अर्द्ध-घुमन्तू समुदाय के बच्चे औपचारिक शिक्षा से वंचित न रह जाएं, इसलिए ‘राज पहल’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में एक ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ स्थापित किया जायेगा। उन्होंने कहा प्रदेश के एक हजार विद्यालयों में एआई आधारित पर्सनलाइज्ड लर्निंग लैब्स की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा एक हजार करोड़ रुपये की लागत से 400 विद्यालयों को ‘सीएम-राइज’ स्कूलों में क्रमोन्नत किया जाएगा।
विद्यालय विकास के लिए दिए आवश्यक निर्देश—
विधि मंत्री ने कहा सभी सीबीईओ अपने-अपने ब्लॉक के सभी विद्यालयों में लंबित पेयजल एवं विद्युत कनेक्शन करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विद्यालयों में सर्वे कर शौचालयों विहीन विद्यालयों की सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
नामांकन बढ़ाने के लिए किया निर्देशित—
श्री पटेल ने नामांकन बढ़ाने, अनुपयोगी सामान की नीलामी करने, रंग – रोगन करने, विद्यालय परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में सह शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन करने, शाला दर्पण मॉड्यूल अपडेट करने, फ्लैगशिप योजनाओं से पात्र बच्चों को जोड़ने, पीटीएम एवं एसएमसी की बैठक का समयबद्ध आयोजन करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
श्री पटेल ने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सभी विद्यालयों में जल संचयन, पाइपलाइन और नल कनेक्शन की स्थिति का सर्वे कर रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने डिस्कॉम के अधिकारियों को विद्यालय परिसर के निकट खुले एवं ढीले तार, जर्जर पोल की मरम्मत करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here