भिण्ड, मध्यप्रदेश। एल.के. पाण्डेय ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य की सफलता बेहतर प्रशिक्षण पर निर्भर करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजबूत प्रशिक्षण से ही फील्ड में कार्य सुगमता और प्रभावशीलता के साथ पूरा किया जा सकता है।
अपर कलेक्टर ने गोहद एवं अमायन में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ प्रगणकों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण दें। प्रशिक्षण के दौरान आने वाली शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया जाए, ताकि फील्ड में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान कई व्यावहारिक चुनौतियां सामने आती हैं, इसलिए प्रगणकों को पहले से ही इन परिस्थितियों के लिए तैयार करना आवश्यक है। इससे कार्य न केवल आसान होगा, बल्कि समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।




