चमोली,उत्तराखंड। 10 अप्रैल 2026 जनपद में महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण को लेकर चमोली पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक चमोली एवं नोडल अधिकारी AHTU श्री मदन सिंह बिष्ट ने की।
गोष्ठी में पुलिस विभाग के साथ विभिन्न सरकारी विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार, महिलाओं व बच्चों के उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट के मामलों की विवेचना, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति और बाल विवाह जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नोडल अधिकारी श्री बिष्ट ने स्पष्ट किया कि इन सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान और मजबूत समन्वय बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों और शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी भी साझा की गई, ताकि सभी विभाग मौजूदा कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कार्य कर सकें। साथ ही निर्णय लिया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे और स्कूल, कॉलेज व ग्रामीण स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मानव तस्करी, साइबर अपराध, नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित, संवेदनशील और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।
इस दौरान बाल कल्याण समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चाइल्ड हेल्पलाइन, हिमाद संस्था गोपेश्वर, समाज कल्याण विभाग, किशोर न्याय बोर्ड, श्रम विभाग, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग तथा वन स्टॉप सेंटर गोपेश्वर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।




