फायर स्टेशन गोपेश्वर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, चारधाम यात्रा व फायर सीजन को लेकर सतर्क रहने के निर्देश

0
42

चमोली,उत्तराखंड। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट द्वारा फायर स्टेशन गोपेश्वर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए आगामी चारधाम यात्रा एवं फायर सीजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत परेड निरीक्षण से हुई, जिसमें कर्मियों की उपस्थिति, अनुशासन, वर्दीधारण एवं शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया गया। इसके बाद वॉचरूम ड्यूटी का निरीक्षण करते हुए ड्यूटीरत कर्मचारियों से आपातकालीन सूचनाओं के त्वरित संप्रेषण और पी.एफ.टी. प्रणाली की कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई।
अधिकारियों द्वारा अग्निशमन वाहनों को क्रमशः स्टार्ट कर उनकी कार्यक्षमता जांची गई, जो पूर्णतः संतोषजनक पाई गई। साथ ही सभी अग्निशमन उपकरणों की भी बारीकी से जांच की गई, जो आपात स्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार मिले।
आपदा प्रबंधन से जुड़े उपकरणों—वुडन कटर, कंक्रीट कटर, आयरन कटर, चैन सॉ एवं मेटैलिक शीट कटर—का संचालन कर परीक्षण किया गया। सभी उपकरण सुचारू रूप से कार्य करते पाए गए। वनाग्नि की संभावनाओं को देखते हुए वाटर मिक्स्ड ब्लोअर की विशेष जांच भी की गई, जो प्रभावी स्थिति में पाया गया।
निरीक्षण के दौरान स्टोर, मैस, बैरक, स्नानागार एवं शौचालय परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया, जहां सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं। कार्यालय एवं अभिलेखों की जांच में भी सभी रिकॉर्ड अद्यतन पाए गए।
इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कर्मियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं जानीं, हालांकि किसी भी कर्मी द्वारा कोई समस्या प्रस्तुत नहीं की गई।
अंत में उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा और फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी कार्मिकों को सतर्क, अनुशासित एवं पूर्ण तत्परता के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय के साथ जन-धन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here