कानपुर।कोआपरेटिव इस्टेट वूमेन इन्टरप्रेन्योर विंग की उद्यमी सदस्याओं ने एक अत्यंत सराहनीय और मानवीय पहल करते हुए,समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को साकार रूप दिया। अध्यक्षा रमन कपूर के सशक्त नेतृत्व में,टीम ने उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों और उनके बच्चों के उज्जवल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को कर्म के रूप में प्रस्तुत किया। वूमेन इन्टरप्रेन्योर विंग की सदस्याओं ने श्रमिकों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान करने वाले विद्यालय ‘कोपेस्टेट शिक्षा सदन जू.हा. स्कूल’ का भ्रमण करके, वहाँ शिक्षारत बच्चों की शैक्षिक प्रगति का अवलोकन किया तथा उनके उत्साहवर्धन हेतु स्नेहपूर्वक स्नैक्स वितरित किए और बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें भोजन भी कराया। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और उनके सपनों में नई उड़ान इस प्रयास की सबसे बड़ी सफलता रही। अध्यक्षा रमन कपूर ने विद्यालय की शिक्षिकाओं की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका समर्पण और निष्ठा ही इन बच्चों के भविष्य को संवारने की मजबूत नींव है। इसी के साथ शिक्षारत छात्राओं के साथ शारीरिक साफ सफाई के महत्व और आवश्यकता और गंदे कपड़े के प्रयोग से होने वाली बीमारियों जैसे संवेदनशील विषय पर चर्चा की एवं उनको सैनिटरी पैड के प्रयोग हेतु प्रोत्साहित करते हुए,सैनिटरी पैड वितरित किए। इसके पश्चात दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ‘गौशाला’ में जाकर गौ-सेवा का पुण्य कार्य किया। यहाँ उन्नत नस्ल की गायों के संरक्षण एवं पालन को देखकर सभी सदस्याओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। गौशाला में गायों को फल एवं चारा खिलाकर सेवा की,जिससे न केवल आध्यात्मिक संतोष प्राप्त हुआ,बल्कि यह भी अनुभव हुआ कि इस प्रकार के प्रयास समाज के हर वर्ग को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित करते हैं। यह पहल केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का सशक्त संदेश है। आइए,हम सभी मिलकर ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाएं और एक बेहतर,शिक्षित और संवेदनशील समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। इस सेवा यात्रा में प्रेसीडेन्ट रमन कपूर के साथ प्रमुख रूप से कीर्ति बिजलानी,सूरज आहूजा,नंदिनी जैन,मीनाक्षी चौरसिया,प्रियंका सेठी,रेनू खन्ना,रश्मि माखीजा,संध्या शर्मा,श्रुति टकरू,संध्या गुप्ता,आकृति सक्सेना,अनीता सबलोक,कुमकुम अग्रवाल, भारती बहल सहित अन्य सदस्याओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।




