कानपुर: नरवल थाने में एडिशनल पुलिस आयुक्त का औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधार को लेकर कड़े निर्देश

0
14

सरसौल,कानपुर। पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और जनता के प्रति अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से एडिशनल पुलिस आयुक्त विपिन ताडा ने सोमवार को नरवल थाने का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और सभी अधिकारी-कर्मचारी तत्काल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, शिकायत पंजिका और कार्यालय संचालन की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, बैरक, हवालात और आगंतुक कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता परखते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
एडिशनल पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि थाना स्तर पर ही अधिकांश समस्याओं का समाधान होना चाहिए, ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और समयबद्ध तरीके से उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
महिला हेल्प डेस्क को लेकर उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशीलता बरतने, पीड़िताओं की गोपनीयता बनाए रखने और त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र निपटाने, रिकॉर्ड को अद्यतन रखने और ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ही उसकी पहचान होती है, इसलिए आमजन के साथ शालीन, सहानुभूतिपूर्ण और पारदर्शी व्यवहार किया जाए। निरीक्षण के अंत में उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here