कानपुर।पुष्पा खन्ना मेमोरियल सेंटर द्वारा शनिवार को ऑटिज्म एवं अन्य दिव्यांगताओं के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य बाइक रैली एवं रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बाइक रैली आयोजित की गई, जिसका शुभारंभ संस्था की निदेशक रूमा चतुर्वेदी द्वारा नीली झंडी दिखाकर किया गया, जो ऑटिज्म का प्रतीक रंग है। रैली आज़ाद नगर से प्रारंभ होकर वीआईपी रोड, मॉल रोड,फूल बाग होते हुए नाना राव पार्क पर सम्पन्न हुई। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने समाज को ऑटिज्म के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। इसके साथ ही नाना राव पार्क (फूल बाग) में एक विशाल एवं आकर्षक रंगोली का निर्माण किया गया, जिसमें रंगों और प्रतीकों के माध्यम से ऑटिज्म से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए गए। इस रंगोली ने आमजन का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें इस विषय के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया। वही रूमा चतुर्वेदी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना, दिव्यांगजनों को समझना तथा उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में समावेशिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने यातायात नियमों का पालन किया एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन किया,जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों,स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जागरूकता अभियान को सफल बनाया




