रामत्व से रामराज्य तक: सनातन यात्रा का भव्य आयोजन होगा

0
12

कानपुर।समाज में आदर्श शासन व्यवस्था और नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना की आकांक्षा को लेकर “रामत्व से रामराज्य तक एक सनातन यात्रा” का भव्य आयोजन आज, सोमवार 23 मार्च 2026 को शहर में आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सायं 4 बजे से 8 बजे तक शास्त्री भवन, खलासी लाइन में संपन्न होगा।
रविवार को कानपुर जर्नलिस्ट क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन और रामराज्य की अवधारणा को समाज के समक्ष पुनः स्थापित करना है।
चैत्र शुक्ल पंचमी का यह पावन अवसर उस ऐतिहासिक क्षण का स्मरण कराता है, जब 14 वर्षों के वनवास के बाद श्रीराम अयोध्या लौटकर सिंहासन पर विराजमान हुए और समता, न्याय व धर्म पर आधारित शासन की स्थापना की।
वर्तमान समय में बढ़ते भाई-भतीजावाद, जातिवाद, आतंकवाद, अनाचार और सामाजिक असंतुलन के बीच रामराज्य की अवधारणा और भी प्रासंगिक हो उठती है। इसी विचार को केंद्र में रखते हुए सनातन वैदिक रामराज्य परिषद पिछले पाँच वर्षों से इस दिवस को “रामराज्य महोत्सव” के रूप में मना रही है। इस वर्ष आयोजन का पाँचवां संस्करण आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में देश के प्रख्यात चिंतक और विचारक श्रीराम के जीवन मूल्यों, उनके शासन सिद्धांतों और “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” जैसे आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सके।
इस अवसर पर “सनातन धर्म रत्न पुरस्कार 2026” वरिष्ठ पत्रकार शिव शरण त्रिपाठी को प्रदान किया जाएगा, जो ‘दि मॉरल’ के संपादक हैं। इसके साथ ही कानपुर बार एसोसिएशन की नव-निर्वाचित समिति को भी सम्मानित किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में अजय कुमार मिश्र, विनय कुमार मिश्र, राजीव अग्निहोत्री और योगेश श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजक अजय कुमार मिश्रा ने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसकी ऊर्जा और जीवन्तता का अनुभव करने की अपील की है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here