सरसौल,कानपुर। तहसील नरवल के ग्राम भूखनाही में करीब 20 वर्षों से चला आ रहा नाली निर्माण का विवाद आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप से सुलझ गया। मामला जिलाधिकारी के जनता दर्शन में पहुंचने के बाद गंभीरता से लिया गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर खुदाई कराकर नाली निर्माण का रास्ता साफ कराया गया।
ग्राम भूखनाही में ग्राम पंचायत द्वारा नाली निर्माण का प्रस्ताव कई वर्ष पूर्व किया गया था, लेकिन कुछ ग्रामीणों के विरोध के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। नाली न बनने से बरसात के समय जलभराव की समस्या बनी रहती थी, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इसको लेकर ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर समाधान की मांग की थी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने एसीपी चकेरी और खंड विकास अधिकारी सरसौल के साथ मौके पर पहुंचकर विवादित स्थल का निरीक्षण किया। दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी गई और नाली के स्थान को लेकर चल रही असहमति को दूर कराया गया।
प्रशासन की मौजूदगी में अवरोध हटवाते हुए तत्काल जेसीबी से खुदाई कराकर नाली निर्माण कार्य शुरू कराया गया। पूरी नाली की खुदाई कर जल निकासी का रास्ता बनाया गया, जिससे वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो गया।
करीब दो दशक पुराना विवाद समाप्त होने पर ग्रामीणों ने राहत जताई और प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। उपजिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया गया है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े मामलों का इसी तरह त्वरित समाधान किया जाएगा।
देखे फोटो।





