सरसौल,कानपुर।जिलाधिकारी के निर्देश पर नर्वल तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी की। एसडीएम नर्वल विवेक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और थाना महाराजपुर पुलिस की टीम ने दो अस्पतालों का निरीक्षण किया, जिसमें एक अस्पताल को मौके पर ही सील कर दिया गया, जबकि दूसरे अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त टीम में मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज सीएचसी सरसौल अविनाश यादव भी शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले नरवल मोड़ के पास स्थित श्रेयांश अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि अस्पताल बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित हो रहा था और मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा था। मौके पर अस्पताल से संबंधित कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं मिला तथा न ही कोई चिकित्सक या पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद पाया गया। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एसडीएम के निर्देश पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया तथा संबंधित के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने महाराजपुर-हाथीपुर हाईवे स्थित ओवरब्रिज के निकट संचालित आरएस अस्पताल की जांच की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन सिलेंडर, ड्रिप स्टैंड एवं कई स्ट्रेचर बेड मिले, जिससे अस्पताल के संचालन के पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त हुए। हालांकि मौके पर कोई मरीज, डॉक्टर या कर्मचारी उपस्थित नहीं मिला। केवल एक केयरटेकर मिला, जो अस्पताल से संबंधित कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर एसडीएम ने संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी करने, अस्पताल का बोर्ड हटवाने तथा अस्पताल का संचालन न किए जाने की स्थिति में सभी चिकित्सा उपकरण तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों एवं अवैध चिकित्सकीय गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
देखे फोटो।





