सरसौल,कानपुर।महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत विकास खंड सरसौल की ग्राम पंचायत बौसर में ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण को राज्य सरकार ने 8.42 करोड़ रुपये की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति दे दी है। परियोजना की पहली किस्त के रूप में चार करोड़ 21 लाख 41 हजार रुपये की धनराशि जारी की गई है।
युवा कल्याण विभाग को जारी आदेश के अनुसार, यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2025-26 में ग्रामीण स्टेडियम और ओपन जिम निर्माण योजना के तहत उपलब्ध कराई गई है।
निर्माण कार्य के लिए उत्तर प्रदेश आवास व विकास परिषद को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। शासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्य शुरू करने से पहले परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर सक्षम स्तर से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त की जाए।
परियोजना में दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला युवा कल्याण अधिकारी आरती जायसवाल ने बताया कि इस स्टेडियम का प्रस्ताव विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की ओर से भेजा गया था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।




