सरसौल,कानपुर।महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत, सलेमपुर बाला जी मंदिर में रविवार को एक विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
भक्तों ने बाला जी महाराज के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी।
कार्यक्रम के लिए मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था। विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ आरती संपन्न हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आरती के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण फूलों की होली रही। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
मंदिर परिसर में भजनों और कीर्तन की मधुर ध्वनियों के बीच लोगों ने होली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।




