घाटमपुर में स्टेडियम और आधुनिक बस स्टॉप की विधायक सरोज कुरील ने विधानसभा में उठाई मांग

0
7

संवाददाता,घाटमपुर।तहसील क्षेत्रवासियों को जल्द ही स्टेडियम, आधुनिक बस स्टॉप और अन्य बुनियादी सुविधाओं की सौगात मिल सकती है। घाटमपुर की विधायक सरोज कुरील ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें सदन में रखीं।

विधायक सरोज कुरील ने अपने संबोधन में कहा कि घाटमपुर लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। उन्होंने क्षेत्र में प्रस्तावित स्टेडियम के निर्माण,नए बस स्टॉप और बारातशाला की स्थापना की मांग की, ताकि युवाओं को खेल सुविधाएं मिल सकें और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर व्यवस्था हो सके। इसके साथ ही उन्होंने घाटमपुर नगर व आसपास के ग्रामीण इलाकों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की आवश्यकता पर भी जोर दिया। किसानों को लो वोल्टेज की समस्या से राहत दिलाने के लिए नए विद्युत परीक्षण केंद्र की स्थापना तथा सरकारी ट्यूबवेल की जर्जर विद्युत लाइनों को बदलकर नई लाइन डलवाने की भी मांग के साथ परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विधायक ने एक नए मिनी बस अड्डे सहित दस नई सीएनजी बसों की व्यवस्था और पुराने बस स्टॉप के आधुनिकीकरण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त रामसारी क्षेत्र में बंद पड़ी चीनी मिल की लगभग 96 हेक्टेयर भूमि पर डिफेंस कॉरिडोर स्थापित करने की मांग भी उठाई जिससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।विधायक सरोज कुरील ने कहा कि वह निरंतर घाटमपुर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत हैं, और क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए हर स्तर पर जनता की आवाज उठाती रहेंगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here