संवाददाता,घाटमपुर। तहसील क्षेत्र में अभी तक बड़ी संख्या में किसानों ने फॉर्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है। समय रहते न कराने पर शासन से मिलने वाली पीएम सम्मान निधि के अलावा अन्य लाभों से वंचित हो सकते हैं। बुधवार को एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बैठक कर अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, वहीं किसानों से दस दिन के भीतर फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की है।
घाटमपुर के किसान फॉर्मर रजिस्ट्री की ओर ध्यान नहीं दे रहे है। तहसील क्षेत्र के कुल 64199 किसानों की रजिस्ट्री होनी थी! जिसमें किसान को अपना आधार नंबर, उससे जुड़ा मोबाइल नंबर व खतौनी देना होता है। इसके बाद ऑनलाइन पंजीकरण हो जाता है। इसके लिए किसानों के सामने तीन विकल्प हैं। पहला खुद करना, दूसरा जन सेवा केंद्र, और तीसरा पंचायत सहायक या फिर किसान सहायक हैं। मौजूदा समय तक 39,949 किसानों ने ही रजिस्ट्री कराई है। अभी तक 24,250 किसान बाकी है। इसी के चलते एसडीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर शेष किसानों की रजिस्ट्री कराए जाने के निर्देश दिए। घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि यह शासन के निर्देशों के तहत कराई जा रही है। जो किसान अगले दस दिनों में नहीं कराते हैं तो शासन की पीएम किसान सम्मान निधि समेत अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए गांव गांव ब्लॉक स्तर पर लगातार कैंप भी लगाए जा रहे हैं।




