सावधान! नामी ब्रांड की पैकेजिंग में नकली घी का खेल, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

0
16

कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र में खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली घी बेचने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने ‘नमस्ते इंडिया’ ब्रांड का नकली घी बेचने के आरोप में सांवरिया किराना एवं जनरल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में स्टॉक बरामद किया है। ‘नमस्ते इंडिया’ कंपनी के जनरल मैनेजर मनोज कुमार सिंह की शिकायत पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने स्टोर से अलग-अलग साइज के संदिग्ध घी के पैकेट जब्त किए 180 मिलीलीटर 88 पैकेट, 400 मिलीलीटर 03 पैकेट, 900 मिलीलीटर 15 पैकेट। दुकान संचालक राजबहादुर यादव निवासी अबाबकपुर घनश्यामपुर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपी प्रतिष्ठित ब्रांड की पैकेजिंग और नाम का दुरुपयोग कर उपभोक्ताओं को चूना लगा रहा था। कंपनी के अनुसार, यह कृत्य न केवल उनके ब्रांड की छवि खराब कर रहा था बल्कि आर्थिक नुकसान का कारण भी बन रहा था। चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। बरामद घी के नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है ताकि इसमें मिलाए गए तत्वों की पुष्टि हो सके।
​नमस्ते इंडिया’ कंपनी के जनरल मैनेजर मनोज कुमार सिंह ने उपभोक्ताओं को सलाह दी कि उत्पाद को खरीदते समय उसकी ऑथेंटिक सील और बैच नंबर की सावधानी से जांच करें।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here