कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास-3 में गुरुवार शाम गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की खिड़कियां-दरवाजे हिल गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें से एक बुजुर्ग की हालत नाजुक बनी हुई है।
चाय बनाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, तपन शाम को रसोई में चाय बना रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तपन (60), अंजना (56) ज्योति (35) और पड़ोसी महेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घर के अंदर से आती चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मदद के लिए दौड़े और पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया।
भूकंप जैसा महसूस हुआ धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों और पड़ोसियों ने बताया कि धमाका इतना भीषण था कि लगा जैसे भूकंप आ गया हो। रसोई का सामान बिखर गया और आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही आवास विकास-3 चौकी प्रभारी मनोज सिंह मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में जुटा दमकल विभाग
घटना की गंभीरता को देखते हुए कल्याणपुर इंस्पेक्टर और मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीएफओ ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया है। सिलेंडर फटने के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल राहत की बात यह है कि किसी की मृत्यु की सूचना नहीं है, लेकिन बुजुर्ग तपन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
देखे फोटो।





