कानपुर। शहर के पॉश इलाके वीआईपी रोड पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। एक नामी तंबाकू कारोबारी के बेटे ने अपनी तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार से सड़क पर जा रहे आधा दर्जन से अधिक लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घायल लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे का मंजर।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे रेव-थ्री मॉल के पास लैंबॉर्गिनी अनियंत्रित हो गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने एक बुलेट सवार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे चालक हवा में 10 फीट उछलकर दूर जा गिरा। इसके बाद कार बुलेट के अगले पहिए को कुचलते हुए ऊपर चढ़ गई।
बाउंसरों की गुंडागर्दी और पब्लिक का गुस्सा: हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों ने कार को घेरा, तो कार सवार कारोबारी का बेटा अंदर ही दुबक गया। इस दौरान उसके निजी बाउंसरों ने बीच-बचाव करने के बजाय आम लोगों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता शुरू कर दी। सूचना मिलते ही ग्वालटोली पुलिस मौके पर पहुंची और भारी हंगामे के बीच आरोपी युवक को भीड़ से बचाकर सुरक्षित थाने ले गई।
थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा: पुलिस की कार्रवाई के दौरान रसूख का असर साफ देखने को मिला। कार को थाने के भीतर सुरक्षित खड़ा किया गया, जबकि पीड़ितों का आरोप है कि थाने के भीतर भी बाउंसरों ने उनके साथ बदसलूकी की। इससे नाराज लोगों ने पुलिस स्टेशन में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और घायलों का उपचार जारी है।
देखे वीडियो।




