शराब पीने का विरोध करने पर छात्र पर फायरिंग और मारपीट, केस दर्ज

0
42

कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी का एक खौफनाक वीडियो सामने आया है। पांडु नगर में शराब पीने का विरोध करने पर आधा दर्जन दबंगों ने एक बी.कॉम छात्र को बीच बाजार दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस दौरान दबंगों ने हवाई फायरिंग भी की। घटना का 39 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दबंग छात्र पर रहम करने के बजाय उसे एक के बाद एक 22 थप्पड़ और घूंसे जड़ते नजर आ रहे हैं। गीता नगर निवासी छात्र अमन सोनकर सोमवार रात मानस मंच पार्क के पास चाय पीने गया था। वहां गली में कुछ युवक शराब पी रहे थे। अमन ने जब उनकी गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर उसे दौड़ा लिया। अमन जान बचाकर सिल्वर स्पून रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, जहां 6 दबंगों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से पिटाई की। रेस्टोरेंट कर्मचारियों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। काकादेव थाना प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए घटना के वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here