चकेरी,कानपुर। मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित पांच दिवसीय अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम (IDYEP) का गुरुवार को समापन हो गया। ड्रीम पैलेस, रामा देवी में हुए इस कार्यक्रम में कानपुर नगर और सहारनपुर के 37 युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम 2025-26 के लिए आयोजित किया गया था।
समापन समारोह में सांसद देवेंद्र सिंह भोले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी 37 प्रतिभागियों को सफल भागीदारी के प्रमाण-पत्र प्रदान किए। सांसद भोले ने युवाओं को कानपुर नगर के गौरवशाली इतिहास, महत्वपूर्ण स्थलों और औद्योगिक विरासत के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान भी किया। डॉ. उमेश पालीवाल (एमडी, पालीवाल डायग्नोस्टिक लैब्स) विशिष्ट अतिथि थे।
समापन दिवस पर विशेष व्याख्यान सत्र भी आयोजित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने युवाओं को स्वास्थ्य जागरूकता, स्वास्थ्य विभाग की सरकारी योजनाओं और करियर मार्गदर्शन पर प्रेरक विचार दिए। ज्योति बाबा ने नशा मुक्ति पर व्याख्यान देते हुए युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने अपने पांच दिवसीय अनुभवों को साझा किया और इसे ‘जीवन बदलने वाला’ बताया। जिला युवा अधिकारी अनुपम कैथवास ने सभी गणमान्य अतिथियों, कानपुर नगर जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह कार्यक्रम अविस्मरणीय बन सका।
देखे फोटो।





