कानपुर। आशा बहुओं ने सोमवार काे मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान आशा बहुओं ने कहा कि उन्हें भी राज्य सरकार स्थाई कर सभी लाभ दे। संगठन की प्रदेश सचिव अनीता वर्मा ने बताया कि उन्हें केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी कई महीनों से नहीं मिली। जिससे उनके आगे पारिवारिक आर्थिक समस्याओं का संकट है। उनका कहना है कि न्यूनतम वेतन लागू करने, जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा, ईपीएफ, ईएसआई समेत 17 सूत्रीय मांगे पूरी न होने तक कार्य बहिष्कार कर धरना जारी रहेगा। इस दौरान सीएमओ हरिदत्त नेमी ने आशा वर्कर्स का ज्ञापन लिया और कहा कि समय से सैलरी दी जा रही। आशा बहुओं ने स्थायी करने की मांग की है। इनका मांग पत्र लेकर शासन को भेज दिया जाएगा। यह सब शासन के हाथ में है, उनकी मांगों पर फैसला शासन से होगा। लेकिन आशा वर्कर्स कार्य बहिष्कार पर अड़ी रही। शाम को धरना देने के बाद उन्होंने मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी।




