शिवली,कानपुर देहात। शनिवार की दोपहर कोतवाली क्षेत्र के सहतावन पुरवा गांव में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने पिता पुत्र के साथ गाली गलौज कर ट्रैक्टर की पटिया एवं हथौड़ा से हमला कर मारपीट करते हुए लहू लुहान कर दिया। घायल व्यक्ति ने मां बेटा समेत चार लोगों के खिलाफ गाली गलौज कर मारपीट करने एवं जान से मार देने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर घायल पिता पुत्र को उपचार के लिए शिवली अस्पताल भेज दिया है।
शिवली कोतवाली क्षेत्र के सहतावन पुरवा गांव निवासी छुन्नालाल पुत्र खुशी लाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि शनिवार की दोपहर उसका बेटा मोहित कुमार अपनी दुकान पर बैठा था तथा वह अपने खेत की जुताई कर रहा था। उसी समय उसके गांव के निवासी सरमन उर्फ राज एवं औसान पुत्र स्वर्गीय विजय पाल एवं रानी पत्नी स्वर्गीय विजयपाल मौके पर आ गए और पुरानी रंजिश के चलते गाली गलौज करने लगे जब उसने गाली देने का विरोध किया तो उसके साथ लात घूंसों से मारपीट करने लगे। जब उसका पुत्र मोहित कुमार बचाने आया तो उक्त लोगों ने ट्रैक्टर की पटिया एवं हथोड़ा निकालकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान दोनों को काफी चोट आई है। कोतवाल प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।




