कानपुर।थाना रायपुरवा क्षेत्र के लक्ष्मी पुरवा निवासी करन साहू की मिठाई दुकान पर रविवार रात दबंगई का नंगा नाच देखने को मिला। करन साहू के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले राजेश और उसके बेटे अंकुर सहित करीब 15–20 लोग दुकान में जबरन घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। जब करन ने विरोध किया तो उन्होंने करन और उसके पिता पर हमला कर दिया, जिससे करन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही रायपुरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया। पीड़ित करन के पिता राजेश साहू ने बताया कि मारपीट के दौरान उनके गले की चैन छीन ली गई और दुकान की गुल्लक से लगभग ₹45,000 निकाल लिए गए। थानाध्यक्ष रायपुरवा ने बताया कि मामला जांच में है। यदि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना रिकॉर्ड हुई है, तो फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से हाथ जोड़कर अपील की है कि दबंगों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।




