वातावरण की सुरक्षा और नदी संरक्षण के लिए प्रदूषण को रोकना प्राथमिकता – कलेक्टर

0
129
Oplus_0

भिंड मध्यप्रदेश।कलेक्टर श्री संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बुढ़वा मंगल/गणेश उत्सव, गणेश विसर्जन/मिलाद-उन-नवी के अवसर पर साम्प्रदायिक सौहार्द, सुरक्षा व्यवस्था शांति एवं सतर्कता बरतने के संबंध में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान एडीएम श्री लक्ष्मीकांत पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी, समिति सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री संजीव श्रीवास्तव ने कहा की वातावरण की सुरक्षा और नदी संरक्षण के लिए प्रदूषण को रोकना हमारी प्राथमिकता है। नदियों, तालाबों और प्राकृतिक स्रोतों में जल जीवों के संरक्षण और पानी में गंदगी से रोकने के लिए मूर्ति विसर्जन निर्धारित अस्थाई कुंडों में ही किया जायेगा। विसर्जन कुंडों के समीप आवश्यक डॉक्टर, एम्बुलेंस, पुलिस बल, होमगार्ड का बल उपलब्ध रहे। गणेश उत्सव के दौरान पंडालों में विद्युत कनेक्शन वाले तार खुले नहीं हो। विद्युत लाइन के नीचे प्रतिमा की स्थापना न की जाये।
उन्होंने कहा कि जिन मार्गों से जुलूस निकलेंगे उन मार्गों पर समुचित साफ-सफाई करने सीएमओ भिण्ड को निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए नगर पालिका का अमला यह सुनिश्चित करायें कि जुलूस मार्ग पर गाय का जमावड़ा नहीं हो।
जन सुरक्षा और आम आदमी की सुविधा के लिए शहर में पुलिस की व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। विसर्जन स्थलों के आस पास भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए जवानों की ड्यूटी लगाई जायेगी।
सभी एसडीएम और थाना प्रभारी अपने स्तर पर भी अलग से स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठक का आयोजन कर लें।
शांति समिति की बैठक में उपस्थित सभी समिति सदस्यों ने कहा की भिण्ड की संस्कृति भाई-चारे के साथ त्यौहार मानने की रही है, सभी त्यौहार हर्ष उल्लास के साथ मनाए जायेंगे।
बैठक में सभी समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और उन्होंने अपने विचार रखे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here