संदीप प्रजापति अमौली फतेहपुर। विकासखंड में कड़ाके की सर्दी को देखते हुए गरीब,असहाय, दिव्यांग क्षेत्रीय लोगों को राजस्व विभाग के लेखपालों और विभागीय अधिकारियों द्वारा कई ग्राम सभाओं के गरीब पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कराकर कम्बल वितरण हेतु विकासखंड प्रांगण में आमंत्रित किया गया। जहां सुबह से ही क्षेत्रीय गरीब असहाय सहित लगभग पांच सैकड़ा से ज्यादा लोग पहुंचे। कई घंटे बैठने के बाद क्षेत्रीय विधायक के कार्यक्रम में पहुंचते ही गरीबों के कंबल मिलने की आश लोगों में जागी लेकिन कई आश लगाये गरीब कम्बल वितरण को केवल निहारते ही रहे। क्षेत्रीय लाभार्थियों की संख्या ज्यादा होने तथा कंबलों की संख्या कम होने की वजह से सैकड़ो की संख्या में गरीब असहाय दिव्यांग लोगों को मायूस होकर घर लौटना पड़ा। कार्यक्रम में कुल 150 कंबल वितरण कराएं गएं।

दिव्यांग राजेंद्र विश्वकर्मा निवासी इटरा ने बताया कि कंबल दिलाने के नाम से एक भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही हमारे घरों में पहुंचकर लिस्ट बनवा रहे थे लेकिन यहां आने के बाद उस लिस्ट के अनुसार किसी को कंबल नहीं दिया गया। वही रोटी निवासी दिव्यांग पृथ्वी पाल ने बताया कि लगभग बारह किलोमीटर चलकर अमौली ब्लाक आए हैं लेकिन कंबल न मिलने की वजह से वापस कड़ाके की सर्दी में जाना पड़ रहा है। अमौली निवासी सिया दुलारी साहू ने बताया कि ग्राम सभा के लोगों द्वारा चार दिन पहले ही कंबल दिलाने के नाम से आधार कार्ड जमा करवा लिया गया था तथा उन्हीं के द्वारा बनाई गई लिस्ट में हमसे अंगूठा भी लगवाया गया था लेकिन जिम्मेदारों ने कंबल देना मुनासिब नहीं समझा। मौके पर विभागीय जिम्मेदारों ने बताया कि जिन पात्र लोगों को कंबल नहीं मिला है उनको लेखपाल के माध्यम से घर भिजवाए जाएंगे। कंबल वितरण कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र सिंह पटेल,नायब तहसीलदार रवि प्रजापति, राजस्व अधीक्षक अजय कुमार मिश्रा, खंड विकास अधिकारी विपुल विक्रम सिंह चौहान, लेखपाल रजत यादव, लेखपाल धर्मेंद्र कुमार, लेखपाल विनोद सोनकर सहित कई ग्राम सभा के प्रधान व विकास खंड के कर्मचारी मौजूद रहे।





