संवाददाता,घाटमपुर। विकासखंड स्थित स्थित चीना पब्लिक स्कूल में मेरा युवा भारत (माय भारत) युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 6 स्पर्धाएं शामिल थीं। बालिका वर्ग में रस्साकशी, दौड़ और बैडमिंटन का आयोजन किया गया, जबकि बालक वर्ग के लिए वॉलीबॉल, दौड़ और लंबी कूद की प्रतियोगिताएं हुईं। सफल खिलाड़ियों को वीडियो आशीष मिश्रा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार, ग्राम सचिव आकाश कनौजिया और प्रधानाचार्य द्वारा शील्ड, मेडल, ट्रॉफी तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य शुभांगी सिंह ने अपने संबोधन में मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करती हैं और उन्हें आगे चलकर क्षेत्र, जिले तथा देश का नाम रोशन करने का अवसर देती हैं।
मेरा युवा भारत युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय कानपुर नगर के हिमांशु कुमार मिश्रा ने बताया कि जिला युवा अधिकारी कानपुर नगर अनुपम कैथवास के निर्देश पर चार विकास खंडों में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सफल प्रतिभागियों को जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा और माय भारत के पोर्टल पर पंजीकरण कैसे किया जा सकता है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रबंधक पंकज चीना गुप्ता, प्रधानाचार्य शुभांगी सिंह, उप प्रधानाध्यापक मनीष दुबे, रेफरी हिमेश यादव, निपेंद्र सचान, धर्मवीर सिंह, अमित यादव, ज्योति श्रीवास्तव, ऐश्वर्या, योगेंद्र मिश्रा, आकाश कौशल, विशाल सोनकर, अमन, रिषभगुप्ता, आकांक्षा शुक्ला और विभिन्न युवा मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।




