उन्नाव।फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के ग्राम जाजामऊ अंतर्गत मजरा चिंता पुरवा में रविवार को कुशवाहा, मौर्य, शाक्य, सैनी सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में डाक्टर आनंद कुमार कुशवाहा ने बच्चों को उच्च शिक्षित करने पर बल दिया।
प्रमुख समाजसेवी राम जीवन कुशवाहा द्वारा आयोजित सम्मेलन में डाक्टर रामपाल कुशवाहा ने कहा कि हम सभी कौम चक्रवर्ती सम्राट अशोक और चंद्रगुप्त मौर्य के वंशज हैं। मौर्य राजवंश ने देश में सदियों तक राज किया। किंतु आज शिक्षा के अभाव में मौर्य वंश की सभी जातियां कुशवाहा, शाक्य व सैनी आदि समाज के निचले पायदान पर जा पहूंची हैं और इन जातियों ने अपना सामाजिक और राजनीतिक अस्तित्व खो दिया है। प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता जंग बहादुर कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा के बगैर मौर्य वंश को समाज में सम्मान मिल पाना असंभव है। उन्होंने उपस्थित सजातीय बंधुओं से अपने बच्चों को उच्च और तकनीकी शिक्षा दिलाने और सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में बढ़ चढ़ कर भाग लेने तथा संगठन को मजबूत करने की अपील की। सम्मेलन को मेवालाल कुशवाहा , धर्मेंद्र कुशवाहा व सत्यपाल कुशवाहा ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में प्रवेश कुशवाहा, गयाप्रसाद, सुरेश कुशवाहा, मास्टर अनिल कुशवाहा, रामनरेश कुशवाहा व राम महेश कुशवाहा आदि सहित सैकड़ों मौर्य वंशीय लोग शामिल हुए।




