पत्रकार एकता परिषद का जिला अधिवेशन सफल, पत्रकारों के हित, सुरक्षा और संगठन की एकजुटता पर हुआ मंथन

0
22

अहमदाबाद। पत्रकार एकता परिषद के जिला अधिवेशन का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, पत्रकार, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, उद्योग जगत से जुड़े अतिथि, फिल्म कलाकार और गायक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान संगठन की एकजुटता, अनुशासन और पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न विषय प्रमुख रूप से चर्चा का केंद्र रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत रामन जोगराणा के मधुर एवं यादगार गीतों से हुई। इसके बाद पंजीकरण, नाश्ता एवं उपहार कूपन वितरण की प्रक्रिया पूरी होने पर जिला और प्रदेशभर से आए पत्रकारों एवं पदाधिकारियों ने सभागार में प्रवेश किया। पूर्व गृह मंत्री गोरधनभाई झड़फिया, विधायक धवलसिंह झाला, गुजकॉमसोल के पीआरओ ऋषिकेशसिंह, फिल्म निर्माता धर्मेश शाह, हास्य कलाकार अंकितभाई सहित अन्य मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रदेश अध्यक्ष लाभुभाई कात्रोडिया एवं महिला अध्यक्ष समीमबेन पटेल के स्वागत-सम्मान के बाद महिला विंग की ओर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, सम्मानपूर्वक आगे बढ़ने तथा महिला उत्पीड़न जैसी समस्याओं से पीड़ित महिलाओं की सहायता के लिए संगठनात्मक एकता की आवश्यकता पर बल दिया गया।

कार्यक्रम के अध्यक्ष गोरधनभाई झड़फिया और विधायक धवलसिंह झाला का जिला टीम द्वारा सम्मान किया गया। विधायक धवलसिंह झाला ने कहा कि पत्रकारों की परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने विधानसभा में उनकी समस्याओं को उठाया है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पत्रकार ही सरकार, समाज और जनता के बीच सशक्त सेतु का कार्य करते हैं, जिससे जनहित के मुद्दे सामने आते हैं और उनके समाधान का मार्ग भी प्रशस्त होता है।

गोरधनभाई झड़फिया ने अपने संबोधन में पत्रकारों के सामाजिक योगदान, उनके मूल्यों तथा आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संगठन को पीत पत्रकारिता से दूर रहकर शांति, एकता और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए तथा यह संगठन अपने कार्यों के कारण अभिनंदन का पात्र है।

जीटीपीएल के देवांगभाई भट्ट का भी सम्मान किया गया। उन्होंने बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योगों का केंद्र होने के बावजूद गुजरात में उद्योग आधारित समाचार पत्रों की कमी है और पत्रकारों को इस दिशा में भी विचार करना चाहिए। उन्होंने बदलते समय के साथ पत्रकारिता में नए आयाम अपनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। इस अवसर पर फिल्म “लायक नालायक” की टीम भी उपस्थित रही। अभिनेता हितेन कुमार ने पत्रकारिता के अपने शुरुआती दिनों और वरिष्ठ पत्रकार कांति भट्ट के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए।

प्रदेश अध्यक्ष लाभुभाई कात्रोडिया ने “पत्रकार के परिवार की चिंता का वर्ष” अभियान की जानकारी देते हुए सभी पत्रकारों से इससे जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि संगठन पत्रकारों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लेता, बल्कि समाज के सहयोग से पत्रकारों के लिए 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा सहित अन्य लाभ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई जिलों एवं महिला विंग के सदस्यों को बीमा रसीदें और पहचान पत्र भी वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने पत्रकारों से अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी कार्य करने वाले पत्रकारों के परिवार की चिंता करना भी उतना ही आवश्यक है।

करीब पांच घंटे तक चले इस अधिवेशन में सभी प्रतिभागियों ने अनुशासन और शांति के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। अहमदाबाद महिला टीम की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन राजकोट पत्रकार एकता परिषद के जिला अध्यक्ष एवं बीसीसी के कमेंटेटर हरेश रावल ने किया। इस दौरान प्रदेश पदाधिकारियों, आईटी सेल के सदस्यों, 20 जिलों के अध्यक्षों एवं उनकी टीमों तथा महिला विंग के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में राजस्थान से आए अतिथियों, समाज के अग्रणियों, वरिष्ठ पत्रकारों, गायकों एवं फिल्म कलाकारों ने भी भाग लिया। मनोरंजन प्रकोष्ठ की घोषणा के साथ रामन जोगराणा और खुशी अंजारिया ने अपने मधुर गीतों से उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। फिल्म निर्देशकों एवं कलाकारों की उपस्थिति के चलते उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए भी लोगों में उत्साह देखने को मिला।

अधिवेशन को सफल बनाने में पत्रकार एकता परिषद के अहमदाबाद प्रभारी रितेंद्रसिंह झाला, प्रदेश महामंत्री शिल्पाबेन आहीर, प्रदेश मंत्री कोकिलाबेन गज्जर तथा अहमदाबाद टीम के अध्यक्ष हसमुखभाई पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष विष्णुभाई प्रजापति, उपाध्यक्ष कमलेशभाई पटेल, प्रवीणभाई समरिया, वसंतभाई ब्रह्मभट्ट, गौतमभाई बारोट सहित कार्यकारिणी सदस्यों एवं महिला विंग की अध्यक्ष फरीदाबेन टीनवाला, उपाध्यक्ष मनबेन धोलकिया, काजलबेन नागवाडिया, मीनाक्षीबेन प्रजापति, समन्वयक कीर्तिबेन राठौड़ तथा महिला सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में हसमुखभाई पटेल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद सभी पत्रकार साथ बैठकर भोजन किया तथा स्मृति-भेंट प्राप्त कर कार्यक्रम का समापन हुआ।

देखे फोटो।

 


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here