चित्तौड़गढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत एमपी का वांछित तस्कर गिरफ्तार

0
12

चित्तौड़गढ़,राजस्थान। पुलिस की बड़ी कार्रवाई,ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत एमपी का वांछित तस्कर गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 11 अप्रैल 2026। राजस्थान पुलिस द्वारा संचालित विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंगलवाड़ थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मध्य प्रदेश के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि उदयपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मंदसौर (मध्य प्रदेश) के करनाखेड़ी निवासी आरोपी रामदयाल पाटीदार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2025 में थाना निकुम्भ में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित था। इस मामले में 130 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा की तस्करी सामने आई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश में जुटी हुई थी।
इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह एवं डीएसपी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर दबिश दी और उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
कार्रवाई में थानाधिकारी भगवान लाल, उप निरीक्षक गोकुल लाल, सहायक उप निरीक्षक जगदीश चंद्र व भैरूलाल सहित कांस्टेबल राकेश, सुनील, भान सिंह, गजेंद्र और गौरव सिंह की अहम भूमिका रही।
पुलिस का संदेश: “ऑपरेशन त्रिनेत्र के माध्यम से हमारा उद्देश्य जिले को नशा मुक्त बनाना और अंतरराज्यीय तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना है। अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here