मेट्रो फेज-2 बनेगा जयपुर के विकास का ग्रोथ इंजन: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

0
33

जयपुर,राजस्थान। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जयपुर मेट्रो फेज-2 शहर के समग्र विकास का “ग्रोथ इंजन” साबित होगा। उन्होंने फेज-2 को केंद्रीय मंजूरी मिलने पर नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि इससे सीतापुरा और वीकेआई जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और आमजन को सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जयपुर मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति एवं विस्तार को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने प्रहलादपुरा से टोडी मार्ग तक प्रस्तावित फेज-2 को चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने तथा पहले पैकेज (प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गौशाला) के कार्य आदेश शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को मेट्रो डिपो निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चयनित करने और पार्किंग सुविधाओं के समुचित विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा और नियंत्रित लागत में पूरा करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने फेज-1सी (बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर) और फेज-1डी (मानसरोवर से अजमेर रोड चौराहा) परियोजनाओं को भी तेजी देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने शहर के बढ़ते जनसंख्या घनत्व और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए भविष्य में दिल्ली रोड, सीकर रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर मेट्रो विस्तार की योजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य जयपुर के प्रमुख मार्गों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ना है।
बैठक में बजट वर्ष 2025-26 के तहत आमेर, जगतपुरा, बगराना (आगरा रोड) और आईएसबीटी हीरापुरा तक मेट्रो विस्तार के मास्टर प्लान का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। इस दौरान जेडीए और जयपुर मेट्रो को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा बहुद्देशीय एलिवेटेड रोड परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here