मिशन ‘हरियालो राजस्थान’ के अंतर्गत हरियालो एप का प्रशिक्षण दिया, सड़क किनारे भूमि चिन्हित कर प्राथमिकता से पौधारोपण पर जोर

0
5

जयपुर,राजस्थान।राज्य सरकार की फ्लेगशिप योजना मिशन ‘हरियालो राजस्थान’ के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए ‘हरियालो एप’ बनाया गया है। मिशन की पूर्ण सफलता के लिए इसकी संचालन प्रक्रिया का समझना सभी स्टैकहोल्डर्स के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से बुधवार को वन विभाग ने सभी विभागों के नोडल अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नोडल अधिकारियों को एप के विभिन्न फीचर, उपयोग प्रक्रिया एवं डाटा प्रबन्धन प्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
शासन सचिवालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों को हरियालो एप के माध्यम से पौधों की जियो-टैगिंग, ऑनलाईन मॉनिटरिंग, री—जियो टैगिंग, फोटो अपलोडिंग तथा रिपोर्टिंग प्रणाली के बारे में चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। नोडल अधिकारियों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार से पूर्व के वर्षों में लगाये गये पौधों की नियमित री—जियो टैगिंग एप पर की जाती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) सुश्री शिखा मेहरा ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के प्रतिनिधि को प्राथमिकता से सड़क किनारे पौधारोपण हेतु उपयुक्त स्थलों का चयन कर यथासंभव फलदार पौधे लगाने की बात कही। साथ ही सभी विभागों को अपने-अपने विभाग की कार्य योजना—पौधारोपण स्थल का चयन, गड्डे खुदाई कार्य, पौधों की खरीद आदि—की तैयारी करने हेतु कहा गया।
यह भी निर्णय लिया गया कि इस प्रकार का ऑनलाईन प्रशिक्षण अप्रैल के अंतिम सप्ताह से मई माह तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी संबंधित अधिकारी/स्टाफ भाग लेंगे, ताकि मिशन ‘हरियालो राजस्थान’ का सफल क्रियान्वयन किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) श्री एस.आर. वेंकटेश्वर मूर्थी, नोडल अधिकारी-वन विभाग एवं मुख्य वन संरक्षक (आयोजना) तथा हितधारक विभागों के नोडल अधिकारी/सहायक नोडल अधिकारी/प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
राजेश वशिष्ठ, संयुक्त निदेशक, आई.टी. ने सभी विभाग के नोडल अधिकारियों को वन विभाग की विभिन्न नर्सरियों से एफ.एम.डी.एस.एस. पोर्टल पर ऑनलाइन पौधे क्रय करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here