181 हेल्पलाइन पर एसीएस ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

0
29

जयपुर,राजस्थान। 07 अप्रैल 2026 नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता ने मंगलवार को सचिवालय स्थित 181 कंट्रोल रूम का दौरा कर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने परिवादियों से सीधे बातचीत कर शिकायत दर्ज कराने, समाधान की स्थिति तथा उससे हुए बदलाव को लेकर फीडबैक लिया।
एसीएस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा परिवादियों को समय पर सूचना भी दी जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने और प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
हेल्पलाइन पर बातचीत के दौरान उन्होंने जोधपुर निवासी रामकिशोर की समस्या सुनी, जिसमें क्षेत्र में सीवर लाइन के मेनहोल का ढक्कन खुला होने की शिकायत थी। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा अजमेर के राजेंद्र, जोधपुर के राघव और उदयपुर के मुकेश से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान सड़क लाइट, सीवरेज और पट्टा आवंटन से जुड़ी शिकायतों पर भी ध्यान दिया गया।
इससे पूर्व गुप्ता ने राजस्थान संपर्क पोर्टल से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों के निस्तारण की औसत अवधि कम करने और संतुष्टि स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि इस वर्ष जनवरी से अब तक यूआईटी के 23,627, जोधपुर विकास प्राधिकरण के 12,885 तथा जयपुर विकास प्राधिकरण के 20,141 से अधिक मामलों का निस्तारण किया जा चुका है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here