विवादित मंगी मकबरे पर पूजा करने पहुंची महिलाएं पुलिस ने रोका तो की अभद्रता, इक्कीस पर मुकदमा दर्ज

0
90

फतेहपुर। जिले में एक बार फिर विवादित मंगी मकबरे के मामले ने तूल पकड़ लिया। बीते बुधवार की देर शाम देव दीपावली पर विवादित स्थल के सामने दर्जनों महिलाएं समूह बनाकर पूजा-अर्चना के लिए पहुंची थीं, जिन्हें सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने रोक लिया। इससे नाराज महिलाओं ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। इस मामले में एक नामजद और बीस अज्ञात महिलाओं पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। हालांकि इस दौरान जिद पर अड़ी महिलाओं ने विवादित स्थल की तरफ रुख कर आरती की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

मंगी मकबरे के समीप मार्ग पर पूजा-अर्चना करतीं महिलाएं।

जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर रेड्डया मोहल्ला स्थित विवादित धार्मिक स्थल मकबरा-मंदिर पर पुलिस-प्रशासन का सख्त पहरा है। बावजूद इसके शाम करीब सात बजे देव दीवाली पर बीस से अधिक महिलाएं पूजा और आरती के लिए मकबरा स्थल की बैरिकेडिंग तक पहुंचकर महिलाओं ने दूर से ही विवादित स्थल की तरफ चेहरे का रुख कर पूजा-पाठ और आरती की। यह देख ड्यूटी में तैनात महिला पुलिस कर्मियों ने ऐसा न करने से रोकने का प्रयास किया और सदर कोतवाली पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल तारकेश्वर राय ने महिलाओं को अपने-अपने घरों में जाकर पूजा-अर्चना करने की बात कही। आरोप है कि इससे नाराज महिलाओं ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस वालों से अभद्रता की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वीडियो में महिलाएं पूजा-अर्चना करते भी देखी जा सकती हैं। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि मामले में महिला आरक्षी मंजू सिंह की तहरीर पर एक नामजद और बीस अज्ञात महिलाओं के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने की संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

देखे वीडियो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here