बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर महिला के गले से लूटी सोने की चेन,क्राइम कंट्रोल में सदर कोतवाली पुलिस फेल, तीन माह के भीतर पांच घटनाओं को लुटेरों ने दिया अंजाम

0
66
Oplus_131072

पूर्व विधायक की पत्नी, डॉ पीके गुप्ता की पत्नी, स्वास्थ्य कर्मी के साथ हुई टप्पेबाजी की घटना का नहीं हुआ खुलासा।

यूपी के फतेहपुर जिले में पुलिस को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशो ने एक बार फिर पॉश इलाके वीआईपी रोड ओमकार नगर इलाके की रहने वाली एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया है, जिसका खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती से कम नहीं है..!

गुरुवार को बदमाशों ने सदर कोतवाली क्षेत्र के पाश इलाके ओमकार नगर वीआईपी रोड की रहने वाली कमलेश सिंह पत्नी प्रेम सिंह के साथ लूट की घटना को उस समय अंजाम दिया जब महिला पड़ोस में रहने वाले अपने भाई के घर जा रही थी। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि पूर्व में हुई लूट की घटनाओं का खुलासा कर भी नहीं पाई थी और बदमाशों ने एक और घटना को अंजाम देकर मुसीबत में डाल दिया..!

ज्ञात रहे कि बेखौफ़ बदमाश इससे पहले पूर्व विधायक करण सिंह पटेल की पत्नी के गले से चेन लूटकर फरार हो गए थे। पूर्व विधायक पत्नी के साथ लूट की घटना से पहले पंद्रह दिन के अंदर लगभग आधा दर्जन वारदातों से पहले ही शहरवासी डरे सहमे हुए हैं। आज दिन-दहाड़े हुई घटना ने एक बार फिर शहर वासियों के बीच सनसनी फैला दी है।

ज्ञात रहे कि फतेहपुर सदर कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस को चुनौती देते हुए अपराधी आए दिन आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं और पुलिस हाथ मलती रह जाती है। सदर कोतवाल तारकेश्वर राय अपराध नियंत्रण में पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं। करीब तीन माह के अंदर पांच महिलाओं के साथ लूट व टप्पेबाजी हो गई, मगर पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

ज्ञात रहे कि विगत 10 जुलाई गुरुवार को शहर के पॉश इलाके आवास विकास में घर के सामने टहल रही पूर्व विधायक करण सिंह पटेल की पत्नी के साथ बदमाशो ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। अचानक गले से बदमाशो ने चेन लूटी तो वह घबराहट की वजह से गिर गईं जिसके बाद उनकी तबियत बिगड़ गई। पूर्व विधायक की सूचना पर पहुंचे अफसरों ने जांच पड़ताल की थी। बताते हैं सीसीटीवी में दो लुटेरे कैद हुए हैं जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। इस मामले में सूत्रों के हवाले से यह भी प्रकाश में आया है कि लूट घटना की पीड़िता कमलेश सिंह के साथ लूट करने में जिस बाइक का प्रयोग किया गया है, वही बाइक पूर्व विधायक की पत्नी के साथ हुई लूट कि घटना में भी प्रयोग किये जाने की शंका जाहिर की जा रही है।

क्राइम मिनिमाईजेशन की वजह से बढ़ रही लूट की घटनाएं।

शहर क्षेत्र में लगातार लूट, छिनैती व टप्पेबाजी की घटनाओं में बढ़ोत्तरी का कारण पुलिस की निष्क्रियता व लुटेरों को पकड़ने के बजाये घटनाओं का मिनीमाईजेशन करना है। अधिकतर घटनाओं में एफआईआर दर्जकर घटनाओं का खुलासा करने के बजाय उनको रफा दफा करने में पुलिस का ध्यान अधिक रहता है जिसकी वजह से असल अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर रहते हैं जो लगातार घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं। आईटीआई रोड में 25 जून को गणेश शर्मा की पत्नी मधुमाला से हुई लूट, डॉक्टर पीके गुप्ता की पत्नी पूनम के साथ पत्थर कटा में हुई लूट व वर्मा चौराहे में रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मी विमलेश त्रिपाठी के साथ हुई टप्पेबाजी के मामले में पुलिस अगर सक्रियता दिखाती तो पूर्व विधायक व पीड़िता कमलेश सिंह से लूट नहीं होती। जिन मामलो में वादी बार बार कोतवाली दौड़ता है उनकी एफआईआर तो दर्ज हो जाती है नहीं तो बिना एफआईआर दर्ज किए ही पुलिस मामले को इति श्री कर देती है।

घटना सीसीटीवी में कैद, नहीं दर्ज हुई एफआईआर।

विगत माह 25 जून को रात करीब साढ़े नौ बजे डॉक्टर पीके गुप्ता की पत्नी पत्थरकटा चौराहे से सब्जी लेकर लौट रही थीं तभी दो बाइक सवारों ने उनके गले से चेन लूट ली थी। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर भी गई। दूसरे दिन डॉक्टर पीके गुप्ता ने स्वयं पुलिस को तहरीर व लूट का सीसीटीवी वीडियो उपलब्ध करवाया जिसमे दो लुटेरे घटना को अंजाम देते हुए कैमरे में कैद हुए थे, लेकिन पुलिस मामले को दबा गई। अगर पुलिस सीसीटीवी के आधार पर लुटेरों को पकड़ने का प्रयास करती तो शायद पूर्व विधायक की पत्नी के साथ व आज हुई लूट की घटना नहीं हुई होती। मगर क्राइम मिनिमाइजेशन में माहिर कोतवाली पुलिस को खुलासे के बजाये घटनाओं को बिना दर्ज किए ही रफा-दफा कर देना है और अगर खुलासा भी करना है तो फर्जी तरीके से हजार पांच सौ की बरामदगी दिखाकर मनमानी खुलासा कर देना है जिसकी वजह से अपराधी बेखौफ हैं…! पूर्व विधायक की पत्नी एवं आज कमलेश के साथ हुई घटना कभी पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिल चुका है, किंतु पूर्व की घटनाओं की भांति इस घटना में भी पुलिस कितनी सक्रियता दिखाती है यह देखने वाली बात होगी। जरिये मोबाइल जब उनकी पत्नी के साथ हुई लूट घटना के बारे में पूछा गया तो डॉक्टर पीके गुप्ता ने बताया कि उन्होंने पत्नी पूनम के साथ हुई लूट की घटना की तहरीर दी थी और वीडियो भी उपलब्ध कराया था, लेकिन आज तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

क्या कहते हैं जिम्मेदार । इस बाबत सदर कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि लूट की घटना की जानकारी है, लेकिन तहरीर नहीं मिली है। अन्य घटनाओं के खुलासे का भी प्रयास जारी है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here