36 घंटे से बिजली गुल, उमस से लोग बेहाल मुराइनटोला पावर हाउस में 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर पर गिरी थी गाज,उपकेन्द्र से संचालित छह फीडरों के उपभोक्ताओं को छका रही बिजली

0
92
Oplus_131072

फतेहपुर।शहर के मुराइनटोला बिजली उपकेन्द्र का 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर 36 घंटे बाद भी नहीं सही हो पाया। जिससे जुड़े आधा दर्जन फीडरों के हजारों उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि विभाग द्वारा दूसरे ट्रांसफार्मर से प्रत्येक फीडर को दो-दो घंटे की आपूर्ति दे रहा है लेकिन उमस भरी गर्मी में इससे उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है। बता दें कि शुक्रवार की रात में बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली से मुराइनटोला पावर में हाउस का 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। पावर हाउस में 10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर हैं। जिनमें से एक ट्रांसफार्मर फुंक जाने से शुक्रवार की रात 11 बजे सभी आधा दर्जन फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब 36 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। जिससे रविवार को गुरु पूर्णिमा पर्व पर हजारों उपभोक्ता हलाकान रहे। विभाग के एसडीओ ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने क बाद से व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। नया ट्रांसफार्मर मंगाया गया है। मऊ जनपद से आ रहे ट्रांसफार्मर आते ही लगवाया जाएगा। बताया कि मंगलवार तक उपभोक्ताओं का समुचित आपूर्ति मिल सकेगी। फिलहाल सभी फीडरों के उपभोक्ताओं को एक ट्रांसफार्मर से दो-दो घंटे बारी-बारी से आपूर्ति दी जा रही है। वहीं उपभोक्ताओं ने बताया कि समुचित सप्लाई ठप हो जाने से दो से तीन घंटे बाद लोगों के घरों व दुकानों के इनवर्टर धड़ाम हो जा रहे हैं। दो दिन से बिन बिजली लोग विभाग को कोसते रहे।

ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया में लगे कार्मिक।

आज बदला जाएगा ट्रांसफार्मर
फतेहपुर। उपखंड अधिकारी ने बताया कि 10 एमवीए पावर ट्रांसफॉर्मर रविवार की रात्रि फतेहपुर आ जाएगा। जिसको बदलने का कार्य कल (आज) प्रातः पांच बजे से शुरू होगा। जिसके चलते मुराइनटोला उपकेंद्र के समस्त फीडर 11 केवी मुराइनटोला, लोकल, बाकरगंज, ज्वालागंज, हरिहरगंज, आबूनगर, जिला अस्पताल की विद्युत आपूर्ति प्रातः पांच बजे से अपरान्ह एक बजे तक बाधित रहेगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here